कलान (शाहजहांपुर)। बदायूं में आयोजित एक समारोह से दावत खाकर वापस बाइक से लौट रहे चचेरे भाइयों की बाइक में वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों गभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को बरेली स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां एक की मौत हो गई। वहीं घायल चचेरे भाई का उपचार किया जा रहा है।
थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिलुआ निवासी रोहित (20) पुत्र राजकुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रोहित अपने चचेरे भाई अमित पुत्र राजपाल के साथ अपने ननिहाल ग्राम बझेड़ा मनसा नगला जनपद बदायूं में आयोजित एक समारोह से दावत खाकर वापस बाइक से घर वापस आ रहा था। रात करीब 11:30 बजे किसी वाहन ने कलान की काली देवी मंदिर के पास टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों लोग घायल हो रोड किनारे पड़े थे। उसी समय राहगीरों ने रोहित के मोबाइल से सड़क दुर्घटना की सूचना परिवारीजनों को दी। परिजनों ने घायल अवस्था में दोनों युवकों को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान गंभीर रोहित की मौत हो गई, वहीं चचेरे भाई अमित की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना इंचार्ज ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।