कलान(शाहजहांपुर)। थाना पुलिस टीम ने गांव भैंसार के पास रामगंगा नदी की कटरी में अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस टीम को चकमा देकर एक साथी भाग गया। पकड़े गए लोगों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में बने-अधबने शस्त्र और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह ने बताया कि बुधवार देर शाम सूचना मिली कि भैंसार गांव के पास रामगंगा नदी की कटरी में झोंपड़ी डालकर कुछ लोग अवैध शस्त्र बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर छापा मार कर पुलिस टीम ने कासगंज के थाना पटियाली के गांव भरगेन निवासी बृजेश शर्मा, एटा के थाना अलीगंज के मोहल्ला राधाकृष्ण निवासी राजू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इस दौरान पुलिस टीम को चकमा देकर फर्रुखाबाद के थाना कपिल के किन्नरनगला निवासी बलवीर यादव भाग गया। पुलिस टीम ने पकड़े गए लोगों के कब्जे से चार तमंचे 315 बोर, दो बने तमंचे 315 बोर, दो देशी रायफल, एक पौनिया 315 बोर, चार जिंदा कारतूस 315 बोर, दो खोखा कारतूस 315 व 12 बोर व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए।