शाहजहांपुर। ददरौल ब्लॉक के गांव खिरिया खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय की महिला प्रधान अध्यापक का शव किराये के कमरे में बृहस्पतिवार को फंदे से लटका मिला। देर रात मृतका के भाई सुहैल ने अतिरिक्त दहेज की मांग की पूरी नहीं होने पर आत्महत्या के लिए मजबूर किए जाने का आरोप लगाते हुए सदर कोतवाली में मृतका के पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला शिक्षक के शव का दो चिकित्सकों डॉ. सुरेश व डॉ. ओपी गौतम के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसमे मौत का कारण हैंगिंग आई है।
कासगंज के मोहल्ला नवाब ठंडी सड़क (सोरो) निवासी अब्दुल हक की पत्नी 30 वर्षीय नजमा खातून यहां शहर के मोहल्ला दिलाजॉक में डॉ. जावेद के मकान में दूसरी मंजिल पर बने कमरे में किराये पर रह रहीं थीं। वह यहां ददरौल ब्लॉक के गांव खिरिया खुर्द में प्राथमिक विद्यालय में प्रधान अध्यापक के पद पर तैनात थीं। रात में किसी समय नजमा खातून ने किराये के कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक कर जान दे दी। पड़ोस में रह रहीं दूसरे स्कूल की टीचर ने सुबह उठने के बाद जब देखा कि नजमा खातून के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उसने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। तब फिर उसने मकान में नीचे रह रहे अन्य किरायेदारों को जानकारी दी। उन लोगों ने भी नजमा को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से जवाब नहीं मिला। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर किरनपाल सिंह व कैंट चौकी पर तैनात सब इंस्पेक्टर रंजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे दरवाजा खोला। इसके बाद अंदर का नजारा देख लोग अचंभित रह गए। महिला शिक्षक का शव फंदे से लटका था, पैर जमीन को छू रहे थे। पुलिस ने नजमा खातून के मोबाइल से बमुश्किल नंबर खोजकर उसके मायके अमरोहा के थाना नौगवां सादात के गांव मुबारकपुर कलां निवासी पिता मो. अली व कासगंज निवासी पति अब्दुल हक को दी। शाम लगभग चार बजे मृतका के पति और मायके से चाचा प्रधान जावेद व भाई आ गए। मृतका नजमा के पति कासगंज में आजाद गांधी इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के शिक्षक हैं। मृतका के चाचा प्रधान जावेद ने पूछने पर कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। वहीं देर रात मृतका के भाई सुहैल ने मृतका के पति अब्दुल हक, ससुर अब्दुल बहावा, सास, ननद, ननदोई, जेठ, जेठानी के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करते थे। इससे तंग आकर उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
तनाव में रहती थी नजमा
बमुश्किल पूछने पर मृतका नजमा खातून के पति अब्दुल हक ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी। वर्ष 2015 में पत्नी को शिक्षक की नियुक्ति मिली थी। वर्ष 2016 में बेटी का जन्म हुआ था, उसकी चार माह बाद बीमारी से मृत्यु हो गई। पत्नी इसी तनाव में रहती थी और डेंगू से पीड़ित हो जाने पर कमजोरी की वजह से कुछ चिड़चिड़ापन होने से भी तनाव में रहती थी। कुछ प्रधान अध्यापक होने के नाते काम का दबाव भी रहता था। पति ने बताया कि वह दो-तीन दिन यहां पत्नी के पास रुक कर रविवार को चला गया था। पत्नी ने ऐसा क्यों किया उसकी समझ नहीं आ रहा है।
मृतका के भाई की ओर से दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर मिली है। जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीएम रिपोर्ट में नजमा खातून की मौत हैंगिंग से बताई गई है।
किरनपाल सिंह, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली