खुटार (शाहजहांपुर)। प्रेमी से धोखा मिलने पर प्रेमिका प्रेमी के घर आ पहुंची, इससे प्रेमी के घर में खलबली मच गई। युवती को बमुश्किल इज्जत का वास्ता देकर शांत किया गया। मामले की क्षेत्र में व्यापक चर्चा है।
खुटार के एक गांव का युवक गाजियाबाद के एक कॉलेज से एमबीए कर रहा है वह वहीं हॉस्टल में रहता है। युवक का सहपाठी लड़की से प्रेम हो गया। युवक ने उससे शादी करने का वादा किया, लेकिन उसने दूसरी छात्रा को भी शादी का झांसा देकर चुंगल में फंसा लिया। 15 दिन पूर्व हॉस्टल में उसकी दोनों प्रेम कहानियों की पोल खुल गई। इस पर पहले वाली प्रेमिका ने युवक की कॉलेज परिसर में ही जमकर पिटाई कर दी थी। युवक के माफी मांगने पर मामला थमा था। अगले दिन युवक मौका देखकर वहां से भाग कर घर आ गया।
कुछ दिन युवक ने अपना फोन भी बंद रखा। फोन ऑन होने पर प्रेमिका फोन करती तो युवक फोन रिसीव ही नहीं करता था। प्रेमिका ने प्रेमी के फेसबुक अकाउंट पर पता देखा और रविवार को गांव पहुंच गई। युवती ने प्रेमी के परिवारवालों को पूरी जानकारी दी तो घर में हड़कंप मच गया। लड़की ने थाने जाने की धमकी दी तो युवक के परिवार के लोगों ने इज्जत का वास्ता देकर उसे शांत किया। रातभर पंचायत चलती रही। प्रेमी के परिवार के लोगों ने वादा किया कि वे लोग उसे लेकर गाजियाबाद आएंगे। प्रेमी के परिवार वालों के आश्वासन पर युवती अपने घर लौट गई है।