पुवायां (शाहजहांपुर)। बंडा पुलिस ने मारुति वैन से 1350 पौवा देशी शराब बरामद कर चालक को जेल भेज दिया है। वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
बंडा थाने में तैनात दरोगा राजवीर सिंह, योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि वह सिपाहियों के साथ 25 जून की रात नौ बजे वाहन चेकिंग और गश्त कर रहे थे। पूरनपुर रोड पर गांव रसूलपुर गढ़िया के पास बंडा की ओर से जा रही मारुति वैन को चेकिंग के लिए रोका गया तो उसमें 30 पेटी देशी शराब भरी मिली। चालक पुवायां के गांव घनश्यामपुर निवासी श्याम मोहन शराब के संबंध में कोई कागजात नहीं दिखा सका, उसके पास से वाहन के भी कोई कागजात नहीं मिले।
चालक ने पुलिस को बताया कि वैन में रखी शराब गांव तिहार ऐंजनपुर निवासी ठेकेदार जितेंद्र कुमार की है। जितेंद्र कुमार ने यह शराब बिराहिमपुर के लिए भेजी है। वाहन में लदी प्रत्येक पेटी में 45 पौवा, कुल 1350 पौवा शराब बरामद हुई। शराब मालिक को बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आया। श्याम मोहन के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 (1) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वैन को भी सीज कर दिया गया है।