गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर निवासी मोहसिन नाम के फल विक्रेता से बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने सवा लाख लूट लिए। गौरतलब है कि यह घटना कोतवाली परतापुर क्षेत्र की मोहद्दीनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में मेरठ-दिल्ली हाईवे पर दीपक होटल के पास हुई।
बदमाश पीड़ित का मोबाइल भी अपने साथ ले गए। मोहसिन ने बताया कि वह रोजाना दिल्ली से फल लाकर मेरठ नवीन मंडी में बेचता है। फल बेचने के बाद मिली रकम को बैंक में जमा करा देता है।
आज भी मोहसिन मेरठ नवीन मंडी में फल बेच कर पैसे लेकर वापस घर जा रहा था, तभी दीपक होटल के पास पीछे से सफेद बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने मोहसिन को आतंकित करके उससे रकम लूट ली और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद मोहसिन ने काफी बार कंट्रोल रूम का नंबर मिलाया लेकिन वह नंबर नहीं लगा।