निगोही(शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव बिहारीपुर गौंटिया में मंगलवार रात कुछ लोगों ने 80 वर्षीय बाबा लक्ष्मण दास की कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से प्रहार कर हत्या कर दी। बचाने आए बेटे और पौत्र को घायल कर दिया। घटना के बाद हत्यारोपी भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव निवासी लक्ष्मण दास की पत्नी लेखनी की 30 वर्ष पहले मौत हो गई थी। बेटे फूलचंद्र और दो बेटियां फूलमती व दन्नी की परवरिश करने के साथ ही तीनों की शादी कर दी। इसके बाद लक्ष्मण दास गेरुआ वस्त्र धारण कर बाबा बन गए। वह गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित भगवान शिव व हनुमान मंदिर में ही रहकर अपना समय बीताते थे। खाना खाने के लिए गांव आ जाते थे। मंगलवार शाम मंदिर से आने के बाद बाबा लक्ष्मण दास ने खाना खाया और अपने मकान के सामने गली के दूसरी ओर स्थित जानवरों के बाड़े वाले मकान के बाहर चबूतरे पर चारपाई डालकर आराम करने लगे। रात करीब 10 बजे गांव का ही कमलेश आया और बेवजह गालियां देने लगा। इस पर बाबा ने विरोध किया तो वह घर से कुल्हाड़ी उठा लाया और उसके साथ भाई ओमकार एक अन्य साथी दाताराम के साथ डंडा लेकर आ गया। तीनों ने एक साथ मिलकर बाबा लक्ष्मण दास पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। उन पर एक साथ ताबड़तोड़ गई बार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीखपुकार सुनकर बेटा फूलचंद्र (45) और पौत्र शिवकुमार (22) बचाने आए तो हमलावरों ने उन्हें भी घायल कर दिया। शोरशराबा सुनकर गांव के अन्य लोग आ गए, जिन्हें देखकर हमलावर भाग गए। गंभीर रूप से घायल बाबा लक्ष्मण दास को परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी करते, तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सूचना मिलने पर पहले यूपी 100, इंस्पेक्टर दलवीर सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घटना की जानकारी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
हत्या से गांव में दहशत
जिस निर्मम तरीके से 80 वर्षीय बाबा लक्ष्मण दास की हत्या की गई, उससे गांव के लोग दहशत में हैं। बाबा के शरीर पर कुल्हाड़ी के बने जख्म और लाठी-डंडे से पिटाई के निशान देखकर बच्चे-बूढ़े और महिलाएं सभी लोगों की आंखों में आंसू होने के साथ ही दहशत का भाव साफ नजर आ रहा था।
मृतक के बेटे की तहरीर पर गांव के ही कमलेश और उसके सगे भाई ओमकार व दाताराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की गहराई से जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रहीं हैं।
दलवीर सिंह, इंस्पेक्टर निगोही