मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। कस्बे के मोहल्ला सराय निवासी लापता 40 वर्षीय साजिद उर्फ लाला का शव शुक्रवार शाम कटरा से सैदापुर जाने वाली शारदा माइनर के किनारे पड़ा मिला। उसके सिर में चोट और मुंह से खून निकलने की वजह से परिजन हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। पुलिस ने मृतक के बहनोई की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
मोहल्ला सराय निवासी साजिद बृहस्पतिवार सुबह घर से बिना बताए कहीं चले गए। दोपहर बाद तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश की लेकिन उनका पता नहीं चला। थक-हारकर परिजन उसकी गुमशुदगी की तहरीर देने वाले थे, तभी सूचना मिली कि शारदा माइनर के पास एक युवक की लाश मिली है। पुलिस मौके से शव को उठाकर थाने ले आई। यहां आकर उसने शव की शिनाख्त की। बहनोई ने बताया कि साजिद के पांच बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। इस तरह उसकी मौत पर परिजन चकित हैं। कि आखिर किसने साजिद की हत्या कर दी। ब्यूरो