बंडा (शाहजहांपुर)। जेठ और जेठानी से परेशान एक बेवा पिता के साथ थाने पहुंची तो एक नेता के दबाव के चलते पुलिस ने पीड़िता के पिता को ही हवालात में डाल दिया। महिला की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई है। पीड़िता दो दिन से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर लगाती घूम रही है, लेकिन पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही है।
गांव शिवपुरी खंजी की रीता देवी ने पुलिस को बताया कि उसके पति सत्यपाल की पांच माह पूर्व मौत हो गई थी। वह पति के मकान में रह रही है। उसका एक जेठ और जेठानी रोजाना गाली गलौज कर परेशान कर रहे हैं। शनिवार को गाली गलौज का विरोध करने पर जेठ, जेठानी ने उसे डंडों से पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने उसे घर से भी भगा दिया है। आरोपी उसका घर और जमीन हड़पना चाहते हैं।
वह पिता के साथ शनिवार को ही थाने पहुंची और तहरीर दी तो पुलिस ने एक सत्तापक्ष के नेता के दबाव में उसके पिता को ही हवालात में डाल दिया। दूसरे पक्ष से पिता के खिलाफ तहरीर भी ले ली गई, लेकिन उसकी तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है और उसका मेडिकल भी नहीं कराया गया है। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि हल्का दरोगा को मामले की जांच के लिए कहा गया है। घटना सही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।