कांट/तिलहर। गोहत्या करने के मामले में कांट पुलिस ने तीन और तिलहर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस दौरान छह लोग भाग गए। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में गोमांस व तराजू, कांटा, बांट बरामद किया है।
कांट पुलिस को बुधवार देर रात मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि मोहल्ला तकिया के एक मकान में कुछ लोग गोहत्या कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने बताए गए मकान में छापेमारी कर मोहल्ले के मुन्ना उर्फ काले और उसके भाई यूसुफ व यूनुस को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस टीम को चकमा देकर चार लोग भाग गए। पकड़े गए लोगों के कब्जे से तीन क्विंटल मांस और एक जिंदा गोवंशीय व गोवध करने वाले औजार भी बरामद किए हैं। फरार लोगों की पुलिस तलाश कर रही है। उधर, तिलहर पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से गांव बुरहानपुर के जंगल में गोवंशीय पशु को काटते समय शहवाजनगर निवासी शफी अहमद को पकड़ लिया। उसके दो साथी भाग गए। इसके पास से लगभग 20 किलो गोमांस, तराजू और बांट बरामद हुए हैं। पकड़े गए युवक ने बताया कि उसका साला गांव शाहबाजनगर निवासी रिजवान गोवंशीय लाया था, शफी अहमद ने इस गोहत्या में गांव बुरहानपुर के जासिक को भी शामिल होना बताया। शफी को ग्रामीणों ने पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया था, इसके बाद पुलिस को सूचना दी, तब पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर उसके पास से गोमांस व तराजू, कांटा, बांट बरामद किया।