शिक्षक पुत्र घायल कर नकदी-सेलफोन लूटा
दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहा था
खुटार।
दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे शिक्षक पुत्र पर बदमाशों ने हमला कर नकदी और मोबाइल लूट लिया। सोमवार को युवक घायल हालत में किसी तरह ससुराल पहुंचा।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला नौगवां कोट निवासी राजाराम नगर के ही काकोरी शहीद इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। इसी कॉलेज में हरदोई के सरोज कुमार भी पढ़ाते थे। रविवार को सरोज के भाई की शादी थी, जिसमें सरोज ने राजाराम को भी आमंत्रित किया था। राजाराम ने पुत्र रामसागर को बारात में भेज दिया था। रविवार दोपहर बाद रामसागर बाइक से हरदोई गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे राजाराम ने पुत्र को फोन किया तो अज्ञात व्यक्ति ने रामसागर का मोबाइल रिसीव किया और बताया कि पिहानी थाना क्षेत्र की बांदा पुलिया के पास रामसागर मार्ग दुर्घटना में घायल हो गया है। इससे परिवार में हड़कंप मच गया।
परिवार के लोग रात में ही बताए गए स्थान पर पहुंचे, लेकिन रामसागर और उसकी बाइक का पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। सोमवार सुबह बांदा पुलिया के पास रामसागर की बाइक मिल गई। दोपहर बाद रामसागर किसी तरह पिहानी के गांव मदारीपुर स्थित अपनी ससुराल पहुंचा और बताया कि बदमाशों ने उसे घायल करने के बाद मोबाइल, नकदी, एटीएम कार्ड आदि लूट लिया है। रामसागर के मिल जाने से घरवालों ने चैन की सांस ली है। वह रात भर कहां गायब रहा। रात में नहीं मिली बाइक सुबह कैसे मिल गई, यह सवाल अभी अनुत्तरित हैं।