तिलहर (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के गांव ढकिया परवेजपुर में विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। 15 दिन पहले ही पति से उसका झगड़ा हुआ था। मृतका के पिता ने ससुरालियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
गांव ढकिया परवेजपुर निवासी नीति अपने पति सोमपाल, ससुर वीरपाल आदि को मंगलवार रात खाना खिलाने के बाद कमरे में सोने के लिए चली गई। बाकी लोग अलग कमरों में सोने चले गए। कुछ समय बाद नीति ने कमरे में धोती से गले में फंदा कसा और पंखे के कुंडे से लटक गई। ससुरालियों की नजर पड़ी तो घर में हड़कंप मच गया। तुरंत उसे फांसी के फंदे से उतारा। जिंदा होने की उम्मीद में परिजन उसे जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन यहां डॉक्टर ने बरेली ले जाने की सलाह देकर उसे वापस कर दिया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतका के मायके निगोही के गांव पिपरिया निवासी पिता राजेंद्र सिंह के पास बेटी के स्वास्थ्य खराब होने की सूचना पहुंची। जब वह बेटी के घर पहुंचे तो वह मृत मिली। राजेंद्र ने आरोप लगाया कि 15 दिन पहले बेटी को उसके पति और ससुर ने पीटा था। इससे पहले भी बेटी को कई बार प्रताड़ित किया गया। इस तंग आकर बेटी ने आत्महत्या कर ली। बताया कि उसने बेटी नीति की शादी दो वर्ष पहले की थी। उसके बेटी को आठ माह का एक बेटा भी है। सूचना पर पुलिस पहुंची।
नीति का 15 दिन पहले अपने पति से झगड़ा हो गया, संभव है कि इसी वजह से तनाव में रही हो और फंदे पर लटकर जान दे दी। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पिता की ओर से आरोप लगाते हुए तहरीर मिलेगी तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-संजय राय, इंस्पेक्टर तिलहर कोतवाली