44 कट्टा बीड़ी बरामद, सेल्समैन फरार
जैतीपुर (शाहजहांपुर)। नकली बीड़ी बिक्री की सूचना पर यूपी 100 ने बाइक सवार सेल्समैन को घेरा, तो वह बाइक और बीड़ी कट्टा से भरा बोरा छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक और बोरा से 44 कट्टा बीड़ी के बरामद किए हैं। थाना प्रभारी इंदर सिंह ने बीड़ी की जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।
थाना मीरानपुर कटरा निवासी इमरान ने यूपी 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी कि कटरा से जैतीपुर नकली बीड़ी बेचने के लिए एक सेल्समैन जा रहा है, तभी सूचना पर थाना गढ़िया रंगीन की यूपी 100 नंबर पुलिस ने कस्बे में पहुंचकर मेन रोड पर डिस्कवर गाड़ी समेत बीड़ी बरामद कर ली। पुलिस को देख सेल्समैन मौका पाकर भाग गया। पकड़ी गई बीड़ी में 25 कट्टे शेर बीड़ी, 27 बीड़ी के 10 कट्टे और 405 बीड़ी के 9 कट्टे व डिस्कवर बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। यूपी 100 ने सेल्समैन को आसपास तलाशा लेकिन वह नहीं मिला। थाना प्रभारी इंदर सिंह ने बताया कि बीड़ी असली है या नकली, इस संबंध में अभी जानकारी नहीं है उसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। सेल्समैन क्यों भागा। इसकी भी कोई जानकारी नहीं है बंडल की जांच कराई जाएगी यदि बीड़ी डुप्लीकेट हैं, तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।