गांव पचदिउरा के पास गन्ने के खेत में बोरिंग के गड्ढ़े में एक युवक का पुलिस ने सड़ा-गला शव बरामद किया है। पास में शराब के पाउच मिलने से पुलिस शराब के नशे में गड्ढ़े में गिरने से मौत मान रही है, वहीं लोग हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव पचदिउरा निवासी रमनेश अपने गन्ने की फसल की सिंचाई के लिए विद्युत कूप से पाइप डाल रहे थे, तभी उन्हें गांव के ही अतहर अली के गन्ने के खेत में बोरिग के गड्ढे से बदबू महसूस हुई। वह पास में गए तो गड्ढ़े में पड़ी लाश देख दंग रह गए। उन्होने चाचा द्वारिका प्रसाद को सूचना दी। इसके बाद सूचना पर निगोही थानाध्यक्ष सुनील शर्मा पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और सड़े-गले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। शव मिलने की सूचना गांव शहतेपुर, पचदिउरा, रूहिला, छतेनी, अरेली के तमाम महिलाएं,पुरुष भी मौके पर पहुंच गए और शव को देखा, पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। गड्ढ़े के ऊपर किनारे उसकी चप्पलें शर्ट में बाध कर रखी गई थीं, दो पन्नी कच्ची शराब के पाउच व देशी शराब का एक भरा पौआ, दो खाली पौआ, तीन बीड़ी, तीन रुपये रखे मिले। पुलिस इन सब चीजों को देखकर शराब के नशे में मौत होना मान रही है जबकि लोग हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं।
---------
गांव पचदिउरा में एक शव मिला है, उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बल्देव सिंह खनेड़ा, सीओ सदर