मद्देनजर मोहल्ले में पुलिस और पीएसी तैनात
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर। शहर के वार्ड संख्या 22 में नवनिर्वाचित सभासद का अपने प्रतिद्वंद्वी से शनिवार रात 10 बजे विवाद हो गया। इसी बीच फायरिंग हो गई। फायरिंग की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन फायरिंग करने वाले पुलिस को देखकर भाग निकले। घटना से से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए मोहल्ले में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने नवनिर्वाचित सभासद की ओर से तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला गदियाना निवासी अब्दुल कयूम निर्दलीय और मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी प्रफुल्ल यादव भाजपा प्रत्याशी के तौर पर वार्ड संख्या 22 मोहल्ला निसरजई से सभासद पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे थे। एक दिसंबर को मतगणना के बाद आए परिणाम में फैसला अब्दुल कयूम के पक्ष में आया, जबकि प्रफुल्ल यादव उर्फ प्रिंस दूसरे स्थान पर रहे। इससे दोनों के बीच रंजिश बढ़ गई। शनिवार रात अब्दुल कयूम अपने दामाद असलम के साथ मोहल्ला निसरजई में अनवर अली के यहां से दावत खाकर आ रहे थे। वह रात दस बजे जैसे ही नन्हे खां के मकान के सामने पहुंचे, तो वहां पर मल्लू, हसीब, खुर्शीद खां आदि आग ताप रहे थे, इसलिए वह भी वहीं रुक गया। आरोप है कि इतने में प्रफुल्ल यादव अपने मोहल्ले के ही साथी हनी, शहंशाह उर्फ गुड्डू के साथ आ गए और खुर्शीद की कनपटी पर तमंचा रखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इस पर वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया तो उन लोगों ने उन्हें भी गालियां देनी शुरू कर दीं। आरोप है कि प्रफुल्ल ने एक फायर अब्दुल कयूम पर कर दिया। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद उन लोगों ने तीन-चार फायर और किए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पहले चीता मोबाइल पुलिस और फिर थाने से पुलिस फोर्स पहुंचा, लेकिन इससे पहले वे लोग भाग गए। वारदात से मोहल्ले में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई।
कई बार कराई वोटों की गिनती
अब्दुल कयूम ने बताया कि वह प्रफुल्ल यादव से 24 मतों से चुनाव जीते हैं। इससे पहले चुनाव में भी उसने प्रफुल्ल को 12 मतों से हराया था। दोनों बार के चुनाव में मतगणना के दौरान कई बार गिनती भी कराई गई, लेकिन परिणाम फिर भी उसी के अनुकूल रहा। इससे प्रफुल्ल और रंजिश मानने लगे।
तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट तीन लोगों के खिलाफ दर्ज कर ली है। मामले की गहराई से जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।
डीसी शर्मा, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली