गांव नवदिया दरोदग्रह निवासी राजेंद्र प्रसाद ने एसपी को भेजे पत्र में बताया कि सात अगस्त 15 को उसकी पुत्री राखी देवी घर में अकेली थी। इस दौरान परिवार के ही एक युवक ने घर में घुसकर पुत्री से मारपीट की। कुछ देर बाद उसका पुत्र महेंद्र कुमार घर आया तो राखी ने उसे मामले की जानकारी दी। महेंद्र ने आरोपी से मारपीट की बावत पूछताछ की तो तीन लोगों ने उसे पीटकर गंभीर घायल कर दिया। मारपीट के चार दिन बाद 11 अगस्त 15 को महेंद्र का अपहरण कर लिया गया। काफी तलाश करने पर भी पुत्र का पता नहीं चला तो उसने इसकी तहरीर पुलिस को दी, पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद से वह लगातार कार्रवाई के लिए भटक रहा है। उसे आश्ंाका है कि पुत्र महेंद्र की हत्या कर दी गई है। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है।