जहरीला पदार्थ खाकर प्रेमी युगल ने दी जान
प्रेमी ने शहर के प्राइवेट क्लीनिक, प्रेमिका ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
मुड़िया पमार (शाहजहांपुर)। सिंधौली क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। पहले प्रेमी ने जहर खाकर जान दी, उसकी मौत की खबर पाकर प्रेमिका ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी भी मौत हो गई।
थाना सिंधौली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के संबंध गांव की एक इंटर की छात्रा से हो गए। दोनों चोरी छिपे मिलते रहे। धीरे धीरे गांव में चर्चा चली तब दोनों के परिवार वालों को जानकारी हो गई। इस पर युवक व युवती के परिवार वालों ने उन पर बंदिशें लगा दी। इस कारण दोनों का मिलना जुलना बंद हो गया। बताते हैं कि रात में किसी समय युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर जब उसे उल्टियां शुरू हुईं तब परिवार वालों को जानकारी लगी तो उसे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की सुबह से पहले मौत हो गई। परिजन शव गांव ले गए। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस गांव पहुंच गई और मामले की जानकारी कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। गांव पहुंचने पर पुलिस को जानकारी हुई कि मामला प्रेम प्रसंग का है। पुलिस ने युवती के बारे में जानकारी की तो बताया गया कि वह अपनी बुआ के घर गई है। पुलिस युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद थाने लौट गई। इसी बीच युवती ने जब प्रेमी की मौत की खबर सुनी तो उसने भी बृहस्पतिवार दोपहर लगभग 12 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे लेकर शहर के प्राइवेट अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जवाब दे दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल गए, जहां शाम चार बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
क्षेत्र के एक गांव में युवक और युवती की जहर खाने से मौत की जांच पड़ताल में दोनों के बीच प्रेम संबंध का मामला सामने आया है। घटना की गहराई से जांच की जा रही है।
विरजाराम, कोतवाल, सिंधौली