खुटार (शाहजहांपुर)। सुखाने के लिए कपड़े डालते समय बिजली लाइन से छू जाने पर करंट से एक युवक की मौत हो गई। परिवार के लोग उसके जिंदा होने की उम्मीद में शव को पूरे दिन रेत में दबाए हुए हैं।
यज्ञाचार्य 45 वर्षीय पंडित शिवपूजन के परिवार वालों ने बताया कि घर में कपड़े सुखाने के लिए लोहे का तार बंधा हुआ है। तार के ऊपर से बिजली का तार निकला हुआ है। शुक्रवार सुबह नौ बजे स्नान करने के बाद शिवपूजन ने कपड़े साफ किए और उन्हें तार पर डालने लगे। इस दौरान कपड़े वाला तार बिजली के तार से छू गया और करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी पाकर परिवार के लोग उन्हें खुटार के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर के मना करने पर उनको गांव गंगसरा में एक हकीम के पास ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शव घर पहुंचा तो गांव के कई लोग मौके पर आ पहुंचे। किसी ने शव को रेत में दबाने से करंट खत्म हो जाने की बात कही तो परिवार वालों ने शव को रेत में दबा दिया। देर शाम तक शव रेत में ही दबा हुआ है। मृतक की पत्नी राम बेटी, पुत्र अभिषेक और पुत्री अनामिका का रो रोकर बुरा हाल है।