जलालाबाद (शाहजहांपुर)। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जमदग्निनगर में बुधवार रात विवाहिता की हालत खराब होने पर ससुरालीजन उसे इलाज के लिए शाहजहांपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर आए मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर मार देने का आरोप लगाते हुए पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरदोई के थाना शाहाबाद के गांव शिरोमन नगर निवासी दिनेश चंद्र शुक्ला की बेटी पूजा (28) की शादी करीब चार साल पहले नगर के मोहल्ला जमदग्निनगर निवासी सर्वेश बाजपेई के लड़के नितिन बाजपेई के साथ हुई थी। ससुर सर्वेश बाजपेई के अनुसार पूजा की तबियत काफी दिनों से खराब चल रही थी। उसका इलाज नगर के प्राइवेट चिकित्सक से चल रहा था। बुधवार शाम तबियत ज्यादा बिगड़ने पर वह लोग उसे इलाज हेतु शाहजहांपुर लेकर जा रहे थे परंतु रास्ते में उसकी मौत हो गई। देर रात सूचना पाकर मायके वाले भी यहां पहुंच गए। इस मामले में विवाहिता के पिता दिनेश शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति नितिन बाजपेई, ससुर सर्वेश बाजपेई, सास पुष्पा, ननद विजय, तथा देवर अनुज व अनूप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से पूजा के ससुराली अतिरिक्त दहेज में नकदी दिए जाने की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने कई बार इस मामले को निपटाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग नहीं माने, मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने एक राय होकर उसकी बेटी को मार डाला। बता दें कि मृतका अपने घरवालों से अलग पति के साथ रहती थी और उसके कोई संतान नहीं थी। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ससुर और पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।