जलालाबाद (शाहजहांपुर)। कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम गांव धियरपुरा के पास भूसा भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ट्रक की साइड लगने पर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला।
कांट थाना क्षेत्र के टीलावाली चौपाल निवासी मैकू, क्षेत्र के गांव कनारी बांक से ट्रॉली में भूसा भरकर कांट की ओर जा रहा था। ट्रॉली ओवरलोड थी और ट्रैक्टर पर छह लोग बैठे हुए थे। शाम करीब चार बजे पीछे से आया ट्रक जब आगे निकल रहा था, तभी ओवरलोड ट्रॉली की साइड में लटक रहा भूसा भरा कपड़ा उसमें फंसा गया और ट्रैक्टर समेत ट्रॉली रोड किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में थाना कांट के गांव अभायन निवासी 28 वर्षीय राजीव की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक मैकू व सर्वेश व बबलू आदि घायल हो गए। मैकू की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।