मकसूदापुर/बंडा। गांव बरगदा निवासी रामवीर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात चोर दीवार फांदकर उसके घर में घुस आए और बक्सा चोरी कर ले गए। सुबह पता चला तो खाली बक्सा गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। बक्से में रखे आठ हजार रुपये, कीमती कपड़े और दो मोबाइल गायब थे। इसी रात चोरों ने गांव के ही रामचंद्र के घर से 15 हजार की नकदी चोरी कर ली। आहट होने पर रामचंद्र की पुत्रवधू रूबी की आंख खुली तो चोर भाग निकले। शुक्रवार को रामवीर और रामचंद्र ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। एसओ महेंद्र सिंह ने कहा कि अगर तहरीर दी गई है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।