जलालाबाद (शाहजहांपुर)। नगर में सराफा व्यापारी को चूना लगाने का मामला पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले एक ठग ने अपने को दरोगा बताकर सराफ से एक लाख से ज्यादा की ठगी की थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। यही वजह है कि ठगों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने सोमवार को फिर एक सराफ को ठग लिया। हैरत की बात तो यह है कि पुलिस ने इस मामले में अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मालूम हो कि सोमवार दोपहर को रामताल रोड स्थित सराफा व्यवसायी मोहित वर्मा की दुकान पर पहुंचे दो युवकों ने अपने को पुलिस का सिपाही बताते हुए कहा कि सीओ के यहां बेटी का जन्म हुआ है। उस बिटिया को उपहार में देने के लिए ज्वैलरी खरीदनी है। व्यापारी के अनुसार उसने बच्चे के अनुरूप गले का पैंडिल, अंगूठी आदि जेवरात दिखाए। इसी दौरान कथित सिपाहियों ने अपने लिए अंगूठी दिखाने को कहा और दुकानदारों को इधर-उधर की बातों में उलझाकर वे लोग एक छोटा बैग लेकर निकल गए। बैग में तीन सोने की अंगूठी, एक नथ और एक जोड़ी झुमके थे। इनका वजन करीब 22 ग्राम था। उनके जाने के बाद उस बैग के गायब होने की बात दुकानदार को पता लगी। मामले की जानकारी देने के बाद भी पुलिस ने अभी रिपोर्ट तक दर्ज नही की। इस संबंध में एसएसआई राकेश सिंह ने बताया कि मामले की मौखिक जानकारी मिलने के बाद वे लोग मौके पर गए थे, परंतु कई बातें घटना को संदिग्ध बना रहे हैं, जिसकी जांच कराई जा रही है।
मालूम हो कि करीब एक साल पहले सदर बाजार स्थित गुप्ता ज्वैलर्स के यहां दरोगा की वर्दी पहनकर पहुंचे एक ठग दुकान मालिक अखिलेश गुप्ता को अपनी बातों में उलझाकर करीब एक लाख रुपये से ज्यादा की कीमत के जेवर लेकर चंपत हो गया था इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस आज तक घटना का खुलासा नहीं कर सकी।