पुवायां (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर जेल से इलाज के लिए लखनऊ भेजे गए लखीमपुर खीरी जिले के विशंभर का शव लखनऊ के ही इटौंजा क्षेत्र में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। विशंभर इलाज के दौरान एक नवंबर को गायब हो गया था।
पुवायां के गांव डूडा निवासी श्रीकांत का शव सात जुलाई 2021 को जिला सीतापुर के लहरपुर थाना क्षेत्र में पड़ा मिला था। श्रीकांत की पत्नी सपना देवी उर्फ गुड़िया की ओर से 22 जुलाई को पुवायां थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पता लगा कि श्रीकांत की हत्या लखीमपुर के थाना फूलबेहड़ के गांव तितारपुर निवासी सुनील मिश्रा और विशंभर यादव ने की है। सुनील मिश्रा पर 25 हजार का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने दोनों को पकड़कर 31 जुलाई 2021 को जेल भेजा था। सुनील ने बताया था कि श्रीकांत की हत्या चोरी के माल के बंटवारे के विवाद में की गई थी।
विशंभर तब से शाहजहांपुर जेल में था। जेलर मिजाजीलाल ने बताया कि विशंभर अक्सर बीमार रहता था। उसे 20 अक्तूबर को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया था। किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज के शताब्दी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। दो सिपाही उसकी निगरानी में तैनात थे। एक नवंबर की रात वह लघुशंका जाने की बात कहकर गायब हो गया था। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। विशंभर के परिजनों को भी सूचना दी गई है। लखनऊ के चौक थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुवायां थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि विशंभर का शव फंदे से लटका मिला है। लखनऊ के चौक थाने की पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।