शाहजहांपुर। कटरा थाने की पुलिस ने ऑटोलिफ्टर गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से नौ बाइक बरामद की हैं। एक आरोपी मौके से भाग गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
कटरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार को मुखबिर से ऑटोलिफ्टर गैंग के बारे में सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने बुधवार शाम करीब पांच बजे खुदागंज रोड पर एक खाली प्लॉट पर दबिश देकर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस को नौ बाइक, एक बाइक का इंजन, दो शॉकर बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी देवेंद्र निवासी ग्राम सुंदरी, थाना हाफिजगंज, बरेली, नरेश राठौर निवासी ग्राम ठेरम मडडिया थाना गजरौला, पीलीभीत, सतपाल गंगवार निवासी ग्राम थामपुर उर्फ गंगापुर थाना नवाबगंज, बरेली, अनिल कुमार निवासी ग्राम कटैया थाना हाफिजगंज, बरेली और प्रेमशंकर निवासी ग्राम गुलड़िया महिपत थाना हाफिजगंज, बरेली हैं। वहीं एक आरोपी सुनील निवासी ग्राम लमखेड़ा, थाना हाफिजगंज बरेली भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। एसपी एस. आनंद ने बताया कि देवेंद्र, सतपाल गंगवार, अनिल कुमार, प्रेमशंकर और सुनील पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका छह लोगों का एक गिरोह है। वे लोग अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी कर बेचते थे। आज भी बाइक बेचने जा रहे थे तभी पुलिस ने पकड़ लिया। एसपी एस. आनंद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजा गया है।