शाहजहांपुर। लखीमपुर खीरी जिले के थाना मोहम्मदी के गांव खंदेवरा निवासी शिक्षक सुनील सिंह को रास्ते में रोककर उनके ही स्कूल के छात्रों ने पीट दिया। आरोप है कि तमंचे की नाल मुंह में डालकर जान से मारने के लिए धमकाया। शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने थाना रोजा क्षेत्र के रहने वाले छात्र व तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सुनील ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने छात्र को कक्षा में गाली देने पर उसके पिता को बुलवाकर शिकायत की थी। इससे नाराज होकर 27 सितंबर को स्कूल से घर जाते समय उसने रोक लिया और साथियों के साथ मिलकर पीट दिया। तमंचे की नाल मुंह में डालकर धमकाया। छात्रों ने इतना पीटा कि वह बेहोश हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद