पुवायां। दहेज में बाइक और पचास हजार रुपये नहीं मिलने पर उत्पीड़न करने के आरोप में विवाहिता ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुवायां के मोहल्ला बड़ी होली देवस्थान निवासी काजल देवी ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी तीन वर्ष पूर्व जनपद पीलीभीत के थाना बरखेड़ा की गोपी कॉलोनी निवासी राजन के साथ हुई थी। शादी में उनके परिवार के लोगों ने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था। ससुराल के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और उनके पति राजन ने मायके से 50 हजार रुपये, बाइक लाकर देने को कहा।
पिता की गरीबी का हवाला देते हुए उन्होंने दहेज की मांग पूरी कराने में असमर्थता जताई तो प्रताड़ित किया जाने लगा।
ससुराल के लोगों से कई बार पंच फैसला और समझौता भी हुआ, लेकिन ससुराल के लोग दहेज की मांग पर अड़े रहे। 16 जुलाई को उनको मायके से ससुराल ले जाया गया और पिटाई की गई। 17 जुलाई को उनके पिता पूरनलाल उनके घर गए तो उनके साथ भी गाली गलौज और पिटाई की गई। इसके बाद वह पिता के साथ मायके चली आई। पुलिस ने राजन, राजन के पिता पप्पू और भाई अनुज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।