पुवायां। बंडा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पिता ने दामाद सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि बंडा के गांव कुंवरपुर रत्ती निवासी अश्वनि कुमार की 30 वर्षीय पत्नी निधि की 16 जुलाई की सुबह अचानक तबियत बिगड़ गई थी। जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने उनको बंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने जहरीले पदार्थ से हालत बिगड़ने की आशंका जताते हुए प्राथमिक उपचार करने के बाद निधि को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 16 जुलाई को ही जिला अस्पताल में इलाज के दौरान निधि ने दम तोड़ दिया था। जानकारी पाकर पहुंचे निधि के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया था।
थाना मोहम्मदी के गांव बग्घून निवासी ईश्वरदीन ने शनिवार को पुलिस को बताया कि दो वर्ष पहले उन्होंने अपनी पुत्री निधि की शादी गांव कुंवरपुर रत्ती अश्विनि कुमार के साथ की थी और शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया था। शादी के कुछ दिन बाद ही दामाद आदि दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे थे। मांग पूरी नहीं होने पर निधि का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोप लगाया कि 16 जुलाई को निधि को उसके पति अश्वनि कुमार, ससुर शिवराम, जेठ विवेक और जेठानी दीक्षा ने पीटने के बाद जबरन जहर खिला दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।