शाहजहांपुर। मंगलवार दोपहर जलालाबाद में गल्ला व्यापारी की बाइक पर टंगा तीन लाख रुपयों से भरा बैग दो बदमाश ले गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
जलालाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला नौसारा निवासी गल्ला व्यापारी वीकेश गुप्ता ने सोमवार दोपहर करीब पौने दो बजे मुख्य चौराहे के पास बरेली हाईवे पर स्थित स्टेट बैंक की मेन ब्रांच से तीन लाख रुपये निकाले थे। रुपयों से भरा बैग बाइक के हैंडल पर टांग दिया। बैंक परिसर के बाहर निकलकर कुछ कदम के फासले पर लस्सी की दुकान पर खड़े होकर दही लेने लगे।
बकौल वीकेश, उन्होंने दही के पैसे निकालकर दुकानदार को दिए तभी कोई रुपयों वाला बैग लेकर भाग गया। दही के रुपये देकर जब व्यापारी ने बाइक देखी तो थैला गायब देखकर उसके होश उड़ गए। हाईवे किनारे सरेराह भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना की जानकारी पाकर तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। व्यापारी की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बैंक के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। इसमें बैंक से बाहर निकलने के दौरान दो लोग व्यापारी की बाइक के पीछे-पीछे जाते और बाद में वही लोग तेज कदमों से मेन चौराहे की ओर जाते दिख रहे हैं। हालांकि आगे की लोकेशन नहीं मिल सकी है। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं दोनों लोगों ने बैग चोरी किया है। पुलिस ने वारदात के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई हैं।