पुवायां (शाहजहांपुर)। एक मेडिकल स्टोर स्वामी ने चोरी के शक में एक किशोर को बंधक बनाकर जमकर पीटा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है, आरोपी का शांतिभंग की आशंका के तहत चालान किया गया है।
पुवायां के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि रमेश कुमार का मेडिकल स्टोर हैं। उनका 15 वर्षीय पुत्र उसके यहां काम सीखता है। आरोप है कि रमेश कुमार नौ जुलाई की शाम छह बजे किशोर को घर से बुलाकर ले गया और अपनी दुकान पर बंधक बनाकर उसे डंडे से जमकर पीटा। रमेश कुमार उनके पुत्र पर साढ़े नौ हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा रहा था।
परिवार के लोगों को जानकारी मिली तो वह लोग मौके पर पहुंचे और किशोर की छुड़ाकर घर लाए। इसके बाद घर वालों ने किशोर का इलाज कराया। बाद में परिवार के लोग किशोर को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुवायां पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर बंधक बनाने और पीटने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। किशोर को मेडिकल के लिए भेजा गया है। एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है
किशोर का नहीं हो सका मेडिकल
पुवायां। माह का दूसरा शनिवार होने के कारण जिला अस्पताल में ओपीडी दिन में 11 बजे ही बंद हो गई। इस कारण किशोर का मेडिकल और एक्सरे नहीं हो सका। किशोर के पिता ने बताया कि सोमवार को वह पुत्र के साथ एसपी से मिलकर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे और मेडिकल भी कराएंगे। संवाद