शाहजहांपुर। टहलने की बात कहकर घर से निकले युवक का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव हथनापुर निवासी निर्देश सिंह (21) शुक्रवार सुबह टहलने की बात कहकर घर से निकले थे। वह लौटकर घर नहीं पहुंचा तो परिजन तलाश में निकल पड़े, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। रविवार शाम गांव के बाहर एक खेत में खड़े नीम के पेड़ से अंगोछा के सहारे युवक का शव लटका मिला। इसका पता लगने ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। नजर पड़ते ही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भाई दुर्गेश ने बताया कि निर्देश जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता था । 27 जून को वह घर आया था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। उसने आत्महत्या क्यों की, इसकी जानकारी नहीं है। निर्देश की मौत के बाद परिवार ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
बंडा में युवक ने फंदे पर लटक कर जान दी
पुवायां। रिश्तेदारी में जाने की बात कह कर घर से गए एक युवक का शव दूसरे दिन बाग में फंदे से लटकता पाया गया।
बंडा के गांव सैदापुर निवासी 19 वर्षीय युवक चार जुलाई को अपनी रिश्तेदारी बंडा क्षेत्र के ही गांव रामदेवरी जाने को कह कर घर से निकला था। सोमवार शाम धान की रोपाई कर घर लौट रहे लोगों ने युवक का शव गांव के पास पेड़ से फंदे से लटकता देख परिवार के लोगों को सूचना दी। जानकारी पाकर परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतार कर घर ले गए। कुछ ही देर बाद अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोग युवक की मौत के संबंध में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। बंडा पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।