शाहजहांपुर। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे महिला ने कमरे के अंदर दुपट्टे से फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी। मजदूरी करके घर लौटा पति लटकता हुआ शव देखकर सन्न रह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
तिलहर थाना क्षेत्र के गांव गोवर संडा निवासी रामदास की बेटी विमला देवी (22) की शादी थाना रोजा क्षेत्र के मठिया कॉलोनी निवासी शिवपूजन से एक साल पहले हुई थी। मंगलवार दोपहर शिवपूजन मजदूरी करके घर लौटा तो उसकी पत्नी का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ था। पति ने इसकी सूचना रोजा थाने पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विमला देवी के पिता रामदास ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पति व ससुराल पक्ष शादी के बाद से दहेज की मांग करके परेशान करते थे। कई बार पति शिवराज को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। पिता ने पति व ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर पति शिवपूजन समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।