शाहजहांपुर। पुलिस और तीन बदमाशों के बीच शुक्रवार रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार के रुपये के इनामी बदमाश और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की आठ बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। एक बदमाश भाग निकला।
मुखबिर से मिली सूचना पर थाना सदर बाजार और एसओजी ने शुक्रवार रात निगोही बाइपास पुवायां रोड पर घेराबंदी कर चोरी की बाइकें बेचने की फिराक में खड़े तीन संदिग्धों से पूछताछ की कोशिश। उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश भाग गया। पकड़े गए बदमाशों में हरदोई जिले के थाना लोनार क्षेत्र के गांव बबाइका अकबरपुर निवासी अनिल यादव और उसका साथी गांव मोहल्ला बनीपुर निवासी शिवम है। उनकी निशानदेही पर निगोही रोड के खंडहर से चोरी की आठ बाइक बरामद हुईं हैं। अनिल यादव पर आसपास के जिलों में हत्या का प्रयास, लूट, बाइक चोरी और मादक पदार्थ की तस्करी के 18 मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम है। पुलिस ने दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है। हरदोई जिले के थाना लोनार क्षेत्र के गांव बबाइका अकबरपुर निवासी रामशंकर की पुलिस तलाश कर रही है।
बदमाशों ने बताया कि रामशंकर हरदोई, लखनऊ, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर से बाइकें चोरी करने के बाद निगोही रोड पर खंडहर में छुपा देते थे। आरोपी शिवम के घर पर बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर राह चलते ग्राहक मिलने पर बाइक को बेच देते थे।
कई जिलों से बाइक चोरी के मुकदमों में बदमाश अनिल यादव वांछित चल रहा था। उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। चोरी की बाइकें बेचने की फिराक में थे। तभी पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हुई। इसमें दो को गिरफ्तार किया है।
- एस. आनंद, एसपी।