पुवायां (शाहजहांपुर)। नगर के एक मोहल्ले में हुई चोरी के मामले में सामने आया है कि गृहस्वामी की नाबालिग पुत्री के अश्लील फोटो खींचकर युवक और उसकी मां ने न सिर्फ उसे ब्लैकमेल किया बल्कि घर से रुपये और जेवर भी मंगवाकर हड़प लिए। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुवायां कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसने कार खरीदने के लिए चार लाख रुपये उधार लिए थे। डेढ़ लाख रुपये उसके पास थे। साढ़े पांच लाख रुपये उसने अलमारी में रख दिए। अलमारी में उसकी पत्नी का चार लाख रुपये कीमत का जेवर भी रखा था। 18 जून को अलमारी खोली तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर मायके से उनकी पत्नी भी घर आ गई। रात में घर में चोरी को लेकर बात होने के दौरान 17 वर्षीय पुत्री ने बताया कि एक युवक ने घर आकर उसके अश्लील फोटो खींच लिए थे। आरोपी फोटो दिखाकर उसे काफी समय से ब्लैकमेल कर रहा था और अश्लील हरकतें भी करता था। युवक की मां और परिवार के लोगों को भी मामले की जानकारी थी। परिवार की इज्जत की खातिर उसने अलमारी में रखे रुपये और जेवर उसे दे दिए थे।
कुछ दिन बाद किशोरी ने युवक की मां से जेवर, नकदी मांगी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। पुलिस ने पाक्सो एक्ट, छेड़छाड़, अमानत में खयानात सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ करने के बाद फरीदपुर में सराफा व्यापारी के यहां से गिरवी रखा गया जेवर बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
-
पहले दो जून को दिए थे जेवर
पुलिस सूत्रों के अनुसार किशोरी ने पुलिस को बताया है कि पहले उसने दो जून को आरोपी को जेवर दिए थे। आरोपी नौ जून को जेवर उसको वापस कर गया। 14 जून को आरोपी ने फिर जेवर, नकदी ले लिया। बाद में उसने जेवर और रुपये मांगे तो वापस नहीं किए गए।
-
चार लाख के जेवर 2.30 लाख में गिरवी रखे
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में किशोरी से मिले चार लाख रुपये कीमत के जेवरों को बरेली के कसबा फरीदपुर में एक सराफा व्यापारी के यहां 2.30 लाख में गिरवी रखने की बात कबूल की थी। इसके बाद पुलिस ने फरीदपुर जाकर जेवर बरामद कर लिया है। नकद रुपये में काफी बड़ी राशि युवक ने खर्च कर दी है। चर्चा है कि रुपये आरोपी जुए में हार गया है। संवाद