शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के शीला ट्रॉमा सेंटर में नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रहे युवक की बाइक परिसर से चोरी हो गई। चौक कोतवाली में तहरीर दिए दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद हो गई है।
कांट थाना क्षेत्र के मोहल्ला पूर्वी पट्टी निवासी निखिल राठौर फ्लोरेंस नाइटिंगल कॉलेज ऑफ नर्सिंग का चतुर्थ वर्ष का छात्र है। वह शीला ट्रॉमा सेंटर में ट्रेनिंग कर रहा है। 12 जून को भी निखिल ड्यूटी करने के लिए अस्पताल आया था। उसी शाम करीब पांच से छह बजे के बीच निखिल राठौर की बाइक अस्पताल परिसर में बने स्टैंड से चोरी हो गई। निखिल ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए थे तो उसमें बाइक चोरी की घटना कैद हो गई। पीड़ित सीसीटीवी फुटेज निकालने के बाद तहरीर लिखकर थाने पहुंचा। पुलिस ने एफआईआर बिना दर्ज किए उसको थाने से टरका दिया। इसके बाद पीड़ित लगातार एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है। बाइक चोरी होने के दो दिन बाद भी चौक कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। इंस्पेक्टर प्रवेश सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।