बंडा। रंगदारी में शराब नहीं देने पर छह-सात लोगों ने ट्रैक्टर की टक्कर से देशी शराब की दुकान क्षतिग्रस्त कर दी और दुकान में रखे 25 हजार रुपये भी लूट लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाहजहांपुर के मोहल्ला हुंडाल खेल निवासी गौरव गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां आशा गुप्ता के नाम गांव नवाबपुर की देशी शराब की दुकान का लाइसेंस है। दुकान पर गांव देवकली निवासी राजकमल सेल्समैन है। राजकमल के अनुसार सोमवार को छह-सात लोग दुकान पर आए और रंगदारी में शराब मांगने लगे। सेल्समैन के मना करने पर आरोपी गालीगलौज करते हुए दुकान में घुस गए और दुकान में रखे 25 हजार रुपये लूट लिए। शराब के कई पौवे भी आरोपी झोले में भर ले गए। विरोध करने पर सेल्समैन को पीटकर घायल कर दिया।
आरोपियों ने सेल्समैन के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाकर मारने का प्रयास भी किया, जिससे सेल्समैन को काफी चोटें आई हैं। ट्रैक्टर की टक्कर से दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई है। लोग मौके पर आए तो आरोपी कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए चले गए। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।