शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉॅलेज में भर्ती मरीज हंसराम यादव को एक अन्य मरीज द्वारा बेड से पटक कर मार दिए जाने के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में मृतक की पत्नी और बच्चों को साथ लेकर विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार से मिले और उन्हें ज्ञापन देकर हत्या के आरोपी मरीज के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग।
ज्ञापन में कहा गया है कि राजकीय मेडिकल कॉॅलेज में हुई इस घटना में दूसरे समुदाय से जुड़े हत्या के आरोपी मरीज के खिलाफ उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। इसलिए पूरे मामले की दोबारा जांच करा कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा तरमीम कराया जाना चाहिए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर व नर्स को भी एफआईआर में आरोपी बना कर हत्या में लिप्त मरीज के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही की जाए। विहिप नेता राजेश अवस्थी ने मृतक की पत्नी और उसके दोनों अबोध बच्चों की दीन दशा का उल्लेख करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को बताया कि उनके रहने के लिए कोई छत नही है। इसलिए पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री योजना के तहत आवास, 20 लाख रुपये मुआवजा और अन्य योजनाओं का वरीयता के आधार पर लाभ दिलाया जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि पीड़ित परिवार को उचित सहायता और न्याय नही मिलने की दशा में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में बजरंग दल के जिला सह संयोजक गोविंद मिश्र , रामचंद्र दास, पंकज कश्यप , राम प्रसाद, हरीश प्रजापति, पंकज चौहान ,केतन गुप्ता आदि शामिल रहे।