पुवायां (शाहजहांपुर)। पुलिस के तमाम प्रयासों के बाद भी असलहे जमा करने के काम में तेजी नहीं आ रही है। इस मामले में पुवायां पुलिस काफी फिसड्डी है। असलहेे जमा नहीं हो पाने से के पीछे कारण यह है कि जिले में अंतिम चरण में चुनाव होने के कारण लोग असलहे जमा करने में हीलाहवाली कर रहे हैं।
शाहजहांपुर में 17 और 18 अप्रैल को नामांकन और 29 अप्रैल को मतदान होना है। शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पुलिस, प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के अलावा गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की जा रही है। संभावित प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को चेताया भी जा रहा है कि मतदाता को लालच देने सहित किसी भी गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में पुलिस असलहे भी जमा कराने पर जोर दे रही है, लेकिन थानावार आंकलन करें तो स्थित संतोषजनक नहीं कही जा सकती है।
पुवायां में कम जमा हो रहे असलहे
पुवायां। असलहे जमा कराने में सबसे खराब स्थित पुवायां कोतवाली की है। पुवायां क्षेत्र में कुल 3264 लाइसेंसी असलहे हैं। 14 अप्रैल तक केवल 18 सौ असलहे ही जमा हो पाए हैं। कोतवाली प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह का दावा है कि 90 प्रतिशत असलहे जमा हो चुके हैं, लेकिन कितने असलहे जमा हुए हैं, उन्होंने संख्या की जानकारी नहीं दी।
खुटार में 140 शस्त्र जमा होने बाकी
खुटार। खुटार ब्लॉॅक क्षेत्र में लाइसेंसी असलहाधारकों की संख्या 890 है। यहां दुकानों और थाने में अब तक कुल 750 असलहे जमा हो चुके हैं। थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया कि शेष असलहे भी जमा कराने का प्रयास किया जा रहा है। असलहा रखने वालों से पुलिस निरंतर संपर्क में है। चुनाव से पहले ही सभी असलहे जमा करा लिए जाएंगे।
बंडा में भी 446 लोग घर में रखे हैं शस्त्र
बंडा। बंडा थाना क्षेत्र में 2046 लाइसेंसी असलहे हैं। यहां थाने में 158 और दुकानों पर 1242 शस्त्र जमा हो चुके हैं। 1400 थाना प्रभारी मनोज कुमार का दावा है कि 646 शस्त्र जमा होने रह गए हैं, जिसमें दो सौ शस्त्र बंडा कसबे में है। बंडा को नगर पंचायत बनाया जा चुका है। इस कारण कसबे के शस्त्र जमा नहीं होंगे। शेष 446 शस्त्र जल्द ही जमा हो जाएंगे।
कुछ लोग कर रहे सिक्योरिटी गार्ड का काम
पुवायां। कुछ लाइसेंसी शस्त्रधारक विभिन्न कंपनियों में सिक्योरिटी गार्ड का काम कर रहे हैं, जिस कारण वह अपने शस्त्र जमा नहीं करेंगे। कुछ लोग पुलिस के पास निजी कारण बताकर भी शस्त्र जमा करने में असमर्थता जता रहे हैं। पुलिस ने शस्त्रधारकों को अपने असलहे दुकान पर या थाने में जल्द जमा करने को कहा है।