बंडा। मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कोटे ने बजाज पावर प्लांट मकसूदापुर के तीन अधिकारियों और दो गनमैनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
गांव कुइयां महोलिया निवासी बलविंदर सिंह ने बताया कि उनका बजाज एनर्जी पावर प्लांट मकसूदापुर से जमीनी विवाद है। तीन अप्रैल को राजस्व टीम की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश की गई थी और जमीन कब्जा मुक्त कराई गई थी। इससे पावर प्लांट के लोग उनसे रंजिश मानने लगे। छह अप्रैल को वह अपने साथी गुरपेज सिंह के साथ बाइक से घर आ रहे थे। भैंसी पुल के पास पावर प्लांट के अधिकारी समीर सावंत, एजाज किरमानी, हरीश कुमार ने दो गनमैनों के साथ उनको रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनको लात, घूसों और बंदूक की बटों से जमकर पीटा। इस दौरान उनके गले में पड़ी सोने की लर भी लूट ली और बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। साथी गुरपेज सिंह को भी पीटा गया।
शोर मचाने पर उधर से निकल रहे बंडा के बलविंदर सिंह, दिलबाग सिंह ने घटना को देखा और उन लोगों को बचाया। उन्होंने बंडा पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अधिकारियों को पत्र देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। पुवायां के सिविल जज ने बंडा पुलिस को मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। पावर प्लांट के अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका है।