निगोही (शाहजहांपुर)। पीलीभीत-शाहजहांपुर मार्ग पर बुधवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने थाना निगोही क्षेत्र में वसूली करके लौट रहे कपड़े व्यापारी के सेल्समैन से दो लाख सात हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे भाग गए। सूचना देने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया।
सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी निवासी राजेश व राधेश्याम शहर में स्थित कन्हैया हौजरी पर बतौर सेल्समैन नौकरी करते हैं। दोनों बाइक से बुधवार को निगोही, पुवायां और तिलहर क्षेत्र से वसूली करके लौट रहे थे। उनके पास वसूली के करीब दो लाख सात हजार रुपये थे, जो बैग में रखे थे। वे टिकरी चौकी क्षेत्र के गुरगवां गांव के पास पहुंचे होंगे। तभी पीछे से आई बाइक सवार दो बदमाशों ने राजेश व राधेश्याम को ओवरटेक करके रोक लिया। वे कुछ इससे पहले बदमाशों ने तमंचा निकालकर तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीछे बैठे बदमाश ने रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। बैग देने से मना करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से सेल्समैन ने बैग दे दिया। बैग लेकर बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग गए। वारदात के बाद सहमे राजेश और राधेश्याम ने पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े, सरेआम लूट की वारदात की सूचना पर निगोही थाने की पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस के काफी देर तलाश करने के बावजूद बदमाशों का पता नहीं चला। निगोही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि लूट की घटना हुई है। घटना की जांच की जा रही है। जल्द बदमाश पकड़े जाएंगे।