शाहजहांपुर। मिर्जापुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात शराब के नशे में एक पीआरडी जवान ने पड़ोसी युवक पर तमंचे से गोली चला दी। पीड़ित युवक ने पीआरडी जवान को तमंचा सहित पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पीआरडी जवान को गिरफ्तार कर लिया है।
मिर्जापुर के थाना प्रभारी निरीक्षक मानबहादुर सिंह ने बताया कि सोमवार रात पृथ्वीपुर गांव में पीआरडी जवान बृजपाल शराब के नशे में पड़ोसी गुड्डू वाल्मीकि से गाली गलौज कर रहा था। विरोध करने पर उसने तमंचे से गुड्डू पर फायर कर दिया। पीड़ित गुड्डू ने आत्मरक्षा के लिए लाठी से प्रहार कर पीआरडी जवान को तमंचा व कारतूस सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पीआरडी जवान बृजपाल के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।