शाहजहांपुर। मोहल्ला सुभाषनगर कॉलोनी निवासी तथा डीआईओएस दफ्तर हरदोई में सहायक लेखाधिकारी के पद पर कार्यरत कमलेश कुमार मिश्रा ने थाना रामचंद्र मिशन व सेहरामऊ दक्षिणी को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें उन्होंने कार सवारों द्वारा लिफ्ट देने के नाम पर उन्हें कार में बैठाकर जेब काट लेने का आरोप लगाया है।
कमलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 8:00 बजे वह अपने आवास से हरदोई ड्यूटी पर जाने के लिए निकले। करीब 9:00 बजे हरदोई बाईपास पर पहुंचे और रोडवेज बस का इंतजार करने लगे। इसी बीच शाहजहांपुर की ओर से ओर से एक सफेद कार आई, जिसमें ड्राइवर समेत चार लोग सवार थे। कार उनके सामने आकर रुकी और उसमें बैठे व्यक्ति ने हरदोई जाने के बारे में पूछा। इसके बाद वह कार की बायीं ओर वाली खिड़की के पास बैठ गए। सीट पर पहले से दो बैठे हुए थे।
बताया कि बाईपास से हरदोई की तरफ चलने पर ग्राम ऐंठापुर के पास चालक ने पंक्चर होने की बात कहकर कार रोक दी और गाड़ी से नीचे उतरने को बोला। वह जैसे ही उतरे, चालक कार को तेजी से हरदोई की ओर ले गया। कार में बैठे लोगों ने उनकी जेब काटकर 20,000 रुपये उड़ा दिए। जिसकी जानकारी होने पर वह एक बाइक सवार के साथ कार का पीछा करने गए, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला।
उन्होंने लोगों के साथ इस तरह की घटना को अंजाम देने वाले गैंग के सक्रिय होने की आशंका जताई है। साथ ही मांग की है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाए।