विधायक पुत्र की गिरफ्तारी की मांग को चिनौर पुवायां मार्ग पर जाम लगा कर प्रदर्शन करते लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पुवायां विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चेतराम के बेटे नीरज ने साथियों के साथ मंगलवार रात एक युवक को पीट दिया। तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो नाराज परिजन ने शाहजहांपुर-पलिया स्टेट हाईवे पर बुधवार सुबह जाम लगा दिया। सीओ सिटी मौके पर पहुंचे और विधायक के पुत्र और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब जाम खोला गया। इधर, विधायक चेतराम का कहना है कि लोग मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। यह उनकी छवि खराब करने की कोशिश है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के चिनौर गांव के निवर्तमान प्रधान गंगासागर वर्मा का चचेरा भाई शंकर मंगलवार रात करीब नौ बजे गांव में गंगासागर की दुकान पर बैठा था। तभी वहां विधायक का बेटा नीरज आया और उसे वहां से जाने को कहा। आरोप है कि मना करने पर नीरज ने शंकर को पीटा और गला दबाने की कोशिश की, साथ ही उसके बेहोश हो जाने पर साथियों के साथ मिलकर तालाब में फेंकने की कोशिश की लेकिन युवक तालाब के किनारे गिर गया।
आरोप है कि बाद में विधायक का पुत्र और उसके साथी शंकर को उठाकर कार्यालय ले गए और वहां भी पीटा। गांव के लोगों के जुटने पर उसे छोड़कर सभी चले गए। इस मामले में पीड़ित की ओर से सदर बाजार थाने में तहरीर दी गई लेकिन रिपोर्ट नहीं की गई। इस पर नाराज परिजन ने बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे शाहजहांपुर-पलिया राजमार्ग पर जाम लगा दिया। सीओ सिटी प्रवीण यादव मौके पर पहुंचे और विधायक के पुत्र और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। तब लगभग पूर्वाह्न 11:45 पर जाम खोला गया। इससे पहले नाराज लोग विधायक के आवास पर भी गए। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्जकर जांच की जा रही है। इस संबंध में विधायक चेतराम ने कहा कि कुछ लोग रास्ते पर बैठकर शराब पी रहे थे, जिन्हें रोका गया था। इसी बात से नाराज लोग मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं। यह उनकी छवि खराब करने की कोशिश है।
इधर, विधायक के बेटे ने भी पीड़ित शंकर के रिश्तेदारों के खिलाफ गाली गलौज और घर पर पथराव आदि का आरोप लगाते हुए सदर बाजार थाने में तहरीर दी, जिस पर तीन ज्ञात और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
मारपीट के विरोध में विधायक चेतराम के आवास को घेरे चिनौर क्षेत्र के लोग । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर के चिनौर में विधायक के पुत्र की मारपीट से घायल शंकर । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR