कांट थाने में पुलिस गिरफ्त में बैंक में चोरी करने के आरोपी बदमाश। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के गांव सरथौली स्थित बैंक आफ बड़ौदा की शाखा में जाली काटकर घुसे बदमाशों ने चोरी की कोशिश की थी। सोमवार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से बैंक की पासबुकें और अवैध शस्त्र बरामद किए गए हैं।
24-25 जनवरी की रात में चोरों ने थाना कांट के ग्राम सरथौली स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा की दीवार में लगी जाली तोड़कर बैंक में लगे एटीएम को तोड़कर कैश चुराने की कोशिश की थी पर वे अपने इरादे में असफल रहे थे लेकिन पासबुकें और अभिलेख साथ ले गए थे। मुकदमा दर्ज करने के बाद कांट पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। एसपी एस आनंद ने पांच पुलिस टीमें गठित कीं थीं। 25 जनवरी की शाम करीब 7:40 पर कांट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कुतुआपुर रोड के पास नहर पुलिया पर दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध शस्त्र, आलानकब, नकब लगाने के उपकरण, चोरी की गई पासबुकें आदि बरामद की गई हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने के बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों छोटे लल्ला और कल्लू ने बताया कि वे इसी गांव के रहने वाले थे और उनको उम्मीद थी कि बैंक में उन्हें अच्छा-खासा माल मिल जाएगा। कांट थाने के प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस फरार आरोपी सडके की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।