गढिय़ा रंगीन थाने का घेराव करते क्षेत्र के लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जैतीपुर। गढ़ियारंगीन थाना क्षेत्र के रपड़िया गांव में जमीन के विवाद को निपटाने गए दरोगा के एक ग्रामीण से अभद्रता करने से ग्रामीण भड़क गए। सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह थाने का घेराव किया। इसके चलते कई थानों का फोर्स बुला लिया गया। सीओ के जांच कर 24 घंटे के अंदर दरोगा पर कार्रवाई के आश्वासन पर लोग वापस हुए।
बुधवार को जमीन के एक विवाद के मद्देनजर गढ़ियारंगीन थाने का एक दरोगा जांच करने रपड़िया गांव गया था। ग्रामीण का आरोप था कि दरोगा ने उससे अभद्रता की। गुरुवार सुबह इस घटना के विरोध में काफी संख्या में ग्रामीण गढ़ियारंगीन थाने पहुंचे और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की थानाध्यक्ष से मांग करने लगे। मामला बढ़ता देखकर जैतीपुर, मीरानपुर कटरा और तिलहर थानों की फोर्स भी बुला ली गई। सूचना मिलने पर सीओ तिलहर परमानंद पांडेय मौके पर पहुंचे। भाजपा जिला महामंत्री अनिल सिंह चौहान ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से बात की। इस पर सीओ ने 24 घंटे के अंदर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अनिल सिंह चौहान ने बताया कि दरोगा के दुर्व्यवहार के खिलाफ कई ग्रामीण एकजुट हो गए थे। जानकारी मिलने पर मौके पर जाकर सीओ से बातचीत कर मामला शांत करा दिया।
वहीं सीओ तिलहर परमानंद पांडेय ने बताया कि कुछ लोग गढ़ियारंगीन थाने के एक दरोगा से नाराज थे। मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कर दिया। दरोगा की जांच कर दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।