तिलहर (शाहजहांपुर)। बालाजी ले जाने के बहाने युवक को कार में मारा-पीटा और बेहोश होने पर आगरा के समीप सड़क पर फेंककर आरोपी फरार हो गए। युवक ने कोतवाली में तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट और रुपये और सामान लूटने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तिलहर के मोहल्ला मौजमपुर निवासी आशीष गुप्ता उर्फ सोनू ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह एक शराब की दुकान में सेल्समैन है। 11 जनवरी को गांव बमनुआ निवासी अरिजीत सिंह उर्फ जीतू का फोन आया कि हम राजू को कार लेकर भेज रहे हैं, बालाजी चलना है। पहले उसने मना किया लेकिन बाद में बहुत कहने पर साथ चल दिया। आरोप है कि फर्रुखाबाद के निकट पहुंचते ही गाड़ी में बैठे लोगों ने उससे मारपीट शुरू कर दी और मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब उसे होश आया तो वह आगरा के समीप माडरा पुलिस चौकी के पास सड़क के किनारे पड़ा था। आरोप है कि वे लोग उसके पास से 15 हजार रुपये, मोबाइल और कपड़ों से भरा बैग ले गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे घर ले आए। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अर्जित सिंह उर्फ जीतू, सत्येंद्र ,राजू सहित दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट और लूटपाट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद