खुटार। रविवार को गांव कुइयां में 15 के परमिट पर सागौन के 25 पेड़ कटवा डाले गए। इस दौरान वनकर्मी भी मौजूद रहे, लेकिन कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी गई। ठेकेदार का कहना है कि वन विभाग के एक अधिकारी ने ही उनसे ज्यादा पेड़ कटवाने को कहा था।
रविवार को वन विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में गांव कुइयां में सागौन के हरे पेड़ काट दिए गए। जानकारी पाकर पर्यावरण संरक्षण के कार्य से जुड़े हरिश्चंद्र, रामसहाय, जय कुमार, रामनरेश आदि मौके पर पहुंचे और हरे पेड़ काटे जाने का विरोध किया तो ठेकेदार आबिद अली ने बताया कि उनके पास 15 पेड़ काटे जाने का परमिट है। ज्यादा पेड़ काटे जाने पर ठेकेदार ने कहा कि लकड़ी एक अधिकारी के यहां जानी है। उनसे वन विभाग के लोगों ने ही 25 पेड़ कटवाने को कहा था। लोगों ने 15 के परमिट पर 25 पेड़ काटे जाने की शिकायत वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से की है। इस संबंध में रेंजर डीएस यादव ने बताया कि सागौन के 15 पेड़ों का परमिट जारी हुआ है। अगर ज्यादा पेड़ काटे गए हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।