जलालाबाद (शाहजहांपुर)। आईपीएल में सट्टे बाजी को लेकर पुलिस सटोरियों पर लगातार निगाह रख रही है। इसके बाद भी सट्टेबाजी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सोमवार को जलालाबाद पुलिस ने आठ सटोरियों को गिरफ्तार किया। सभी एक घर में बैठकर सट्टा लगा रहे थे। पुलिस को इनके पास से आठ मोबाइल, 19 हजार रुपये बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जलालाबाद इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर आईपीएल मैच में सट्टा लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर नगर निवासी आठ युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े जाने वालों में नलवाली गाली निवासी प्रदीप, मोहल्ला वर्कजई निवासी अशोक यादव, मोहल्ला नौसारा निवासी लोकेश गुप्ता, मोहल्ला निजामनगर का आरिफ, मोहल्ला नवीन नगर का रनवीर, गांव गुनारा का सरताज, क़ानूनगोयान निवासी विशाल गुप्ता और गौसनगर का शहनबाज शामिल हैं। बताया कि सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे मुखबिर की सूचना पर प्रदीप के घर दबिश दी गई। इस पर सभी सट्टा लगाते मिल गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि इस गैंग का सरगना विशाल उर्फ मोनू हैदराबादी है, जो फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से सट्टा लगाने में प्रयोग किए जाने वाले आठ मोबाइल और 19 हजार रुपये बरामद हुए है। सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम में एसएसआई सुभाष कुमार भी शामिल रहे।