शाहजहांपुर। एसपी कार्यालय में आत्मदाह की कोशिश करने वाले राहुल अंगुरिया को चौक कोतवाली पुलिस ने रविवार दोहपर तमंचा समेत दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे चौक कोतवाली इलाके के नवादा इंदेपुर नहर रोड पर एक युवक हाथ में तमंचा लिए आने जाने वाले लोगों को धमका रहा था। सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे तो आरोपी भागने लगा। चौकी प्रभारी ने दौड़ाकर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल अंगुरिया निवासी गांव नवादा इंदेपुर थाना चौक कोतवाली बताया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है। राहुल अंगुरिया ने 25 अगस्त को एसपी कार्यालय परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया था। वह अपने भाई प्रमोद अंगुरिया को जानलेवा के मामले में वांछित होने के बावजूद थाने छुड़ाना चाहता था। चौक कोतवाली पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया तो राहुल अंगुरिया एसपी कार्यालय में पहुंच गया और पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास करने लगा था। उसके खिलाफ कचहरी चौकी प्रभारी मंगल सिंह की ओर से आत्महत्या के प्रयास की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।