शाहजहांपुर। रोजा न्यू साइडिंग से हजारा आसाम के लिए चीनी की एक रैक सोमवार रात लोड की गई थी। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान 35 बोरी चीनी चोरी करके एक व्यापारी को बेच दी गई। इसकी सूचना मिलने पर आरपीएफ ने आरोपी व्यापारी के यहां छापा मारकर चीनी बरामद की। रेलवे सूत्रों के मुताबिक आरपीएफ ने पूछताछ के बाद मामला सिविल पुलिस को सौंप दिया था। सिविल पुलिस ने चीनी और व्यापारी को हिरासत में लेकर रातभर पूछताछ की। उसके बाद व्यापारी को छोड़ दिया। बुधवार को इस मामले की चर्चा पूरे रोजा में रही।
यहां बताते चलें कि इससे पहले जमुका गांव से 110 बोरी चावल पकड़ा गया था, जो कि थाने में जमा किया गया। जिसे रेलवे का होने से मना कर दिया गया। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ने अपने विभाग का चावल होने से मना कर दिया था और सिविल पुलिस ने भी किसी तरह की चोरी घटना से इनकार कर दिया था। आखिरकार 110 बोरी चावल रोजा थाने में रखा रहा और बारिश में भीगकर खराब हो गया और कुछ बंदर खा गए। रेलवे साइडिंग के किनारे राशन की बोरियां मिलती हैं। मगर हर बार मामला आरपीएफ और सिविल पुलिस के बीच उलझ जाता है।
ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। अगर घटना होती तो आरपीएफ के जवान मुझे जानकारी जरूर देते हैं। सिविल पुलिस ने चीनी पकड़ी है। यह किसकी है और कहां से आई इसकी कोई जानकारी हमें नहीं है।
- शिवदयाल मीणा, आरपीएफ कमांडेंट
इस तरह की किसी घटना की जानकारी मेरी जानकारी में नहीं है, और न ही कोई चीनी पकड़ी गई। चीनी यदि होगी तो रेलवे पुलिस के जवानों ने पकड़ी होगी, सिविल पुलिस से कोई मतलब नहीं है।
- अशोक पाल, रोजा प्रभारी निरीक्षक