शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके में सीएमओ कार्यालय के पास बंडा के एक किराना व्यापारी से बदमाश दिनदहाड़े एक लाख रुपये लूट लिए। वह ऑटो में बैठकर किराना का सामान खरीदने केरूगंज जा रहा था। उसी ऑटो में सवार बदमाश व्यापारी का नोटों भरा बैग छीनने के बाद अपने साथी की मोटरसाइकिल पर बैठकर भागने लगा। व्यापारी के शोर मचाने पर लोगों ने पीछा किया तो बदमाश अंटा चौराहे के पास अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाद में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। व्यापारी की ओर से घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
बंडा के देवकली निवासी शिवशंकर किराने की दुकान चलाते हैं। वह मंगलवार को बंडा से बस में बैठकर रोडवेज पहुंचे। रोडवेज से ऑटो में बैठकर केरूगंज मार्केट जा रहे थे। वहां से उन्हें दुकान का सामान खरीदना था। उसी टेंपो में एक बदमाश बैठा था। उसका दूसरा साथी बाइक लेकर टेंपो के पीछे चल रहा था। जैसे ही टेंपो चौक कोतवाली क्षेत्र में पुराना जिला अस्पताल के पास पहुंचा। तभी टेंपो में बैठे बदमाश ने व्यापारी के हाथ से बैग छीन लिया। बैग में एक लाख रुपये थे। बदमाश बैग छीनने के बाद चलते टेंपो से कूदकर साथ में चल रहे अपने साथी की बाइक पर बैठ गया। दोनों बदमाश अंटा चौराहे की तरफ भागने लगे। उधर, बैग लुटने के बाद व्यापारी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे घटना स्थल पर मौजूद लोग बदमाशों के पीछे दौड़ने लगे। पकड़े जाने के डर से बदमाश अंटा चौराहे के पास अपनी बाइक छोड़कर भाग गए।
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस चौकी में जाकर घटना की जानकारी दी। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें घटना चौक कोतवाली इलाके की होना बताकर लौटा दिया। तब पीड़ित ने चौक कोतवाली आकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस, पीड़ित के साथ मौके पर गई और घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अंटा चौराहे के पास पड़ी बदमाशों की बाइक को कब्जे में ले लिया। उस पर पड़े नंबर के आधार पर अजीजगंज निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
बंडा निवासी किराना व्यापारी शिवशंकर ऑटो से सामान लेने केरूगंज मंडी जा रहे थे। उनके बगल में बैठे एक बदमाश ने बैग छीन लिया और कूदकर ऑटो के बगल से चल रहे अपने साथी के मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गया। घटना में प्रयुक्त बाइक और एक बदमाश को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। - संजय कुमार, एसपी सिटी, शाहजहांपुर